- सभी मुद्दों को पछाड़ कर भाजपा ने कांग्रेस का किया सूपड़ा साफ
शिवपुरी जिले में कांग्रेस का सूपड़ा सा साफ हो गया है। भाजपा ने पांच में से 4 सीटें जीत कर राजनैतिक पण्डितों को चौंका दिया है। शिवपुरी जिले की शिवपुरी सीट पर भाजपा अपना कब्जा बनाए रखने में सफल रही है यह सीट भाजपा के देवेन्द्र जैन ने कांग्रेस के केपी सिंह को 43030 मतों के रिकार्ड अंतर से परास्त कर जीती है। पोहरी जरुर भाजपा के हाथों से निकल गई है यहां भाजपा के सुरेश रांठखेड़ा को कांग्रेस के कैलाश कुशवाह ने पराजित किया है। कोलारस पर भाजपा का कब्जा बरकरार रहा है यहां कांग्रेस के बैजनाथ यादव को भाजपा के महेन्द्र यादव ने 50 हजारी मात दी है। करैरा को भाजपा के रमेश खटीक ने 3103 मतों के साथ प्रागीलाल से छीन लिया है। पिछोर में भाजपा के प्रीतम ने शानदार जीत दर्ज कर यह सीट पिछले 30 साल में पहली बार भाजपा की झोली में डाली है।
भाजपा का लाड़ली कार्ड घर घर चला
भाजपा का लाड़ली बहना कार्ड जाति और हाथी से लेकर हर समीकरण पर भारी रहा है, आर्थिक तौर पर अधिकांश घरों मेंं एक लाड़ली के माध्यम से जो साढ़े छह हजार के लगभग पैसा पहुंचा उसने सारे फैक्टर्स को पीछे छोड़ दिया और यहां हर तरफ भाजपा ही भाजपा नजर आई। सिर्फ पोहरी सीट से कांग्रेस जीत दर्ज करा पाई है अन्यथा करैरा, पिछोर, शिवपुरी और कोलारस सभी चारों सीटों पर भाजपा ने बाजी मार ली है। अभूतपूर्व परिणामों के दौरान खास बात यह कि ग्रामीण सेक्टर में कमजोर रहने वाली भाजपा को इस बार ग्रामीण अंचल से भी भारी मत मिले हैं तो इसके पीछे कारण साफ है कि वहां भी लाड़ली बहना कार्ड घर घर में चला है। ओपीएस जिसे आगे कर कर्मचारी तबके की नाराजी का नैरेटिव सेट किया जा रहा था वह भी कहीं नजर नहीं आया और पोस्टल वैलेट से आगे हुई भाजपा यहां लगातार बढ़त पर रही।